भारतीय कंपनी सचिव संस्थान के देहरादून चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के मुख्य सचिव एवं श्रम सचिव से की मुलाकात।
भारतीय कंपनी सचिव संस्थान के देहरादून चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के मुख्य सचिव एवं श्रम सचिव से की मुलाकात।
(राज्य में श्रम कानूनों के अंतर्गत ऑडिट रिपोर्ट एवं थर्ड-पार्टी ऑडिट रिपोर्ट के लिए प्रैक्टिसिंग कंपनी सचिवों (पीसीएस) को मान्यता प्रदान की जाए)
उत्तराखंड (देहरादून) वीरवार, 13 अगस्त 2026
भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) के देहरादून चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के मुख्य सचिव श्री आनंदवर्धन जी एवं श्रम सचिव श्री श्रीधर बाबू अड्डंकी जी से मुलाकात कर राज्य में श्रम कानूनों के अंतर्गत ऑडिट रिपोर्ट एवं थर्ड-पार्टी ऑडिट रिपोर्ट के लिए प्रैक्टिसिंग कंपनी सचिवों (पीसीएस) को मान्यता प्रदान किए जाने के संबंध में अपना प्रतिनिधित्व प्रस्तुत किया।
प्रतिनिधिमंडल में सीएस डॉ. रुचित्रा कपरवान, चेयरपर्सन, देहरादून चैप्टर; सीएस डॉ. संगीता बग्गा, पूर्व चेयरपर्सन, देहरादून चैप्टर; तथा श्री संजय जखमोला, कार्यालय प्रभारी शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने श्रम कानूनों के अनुपालन में कंपनी सचिवों की पेशेवर विशेषज्ञता एवं वैधानिक दक्षता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पीसीएस को मान्यता मिलने से श्रम कानूनों के अनुपालन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का अनुरोध किया तथा अधिकारियों द्वारा प्रतिनिधिमंडल को अपनी बात रखने का अवसर प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।