23 मार्च को परेड ग्राउंड में होगा नई सरकार का शपथ ग्रहण।
23 मार्च को परेड ग्राउंड में होगा नई सरकार का शपथ ग्रहण।
(पुष्कर सिंह धामी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंंगे पीएम मोदी व गृह मंत्री अमित शाह)
उत्तराखंड (देहरादून) मगंलवार, 22 मार्च 2022
पुष्कर धामी 23 मार्च को देहरादून के ऐतिहासिक परेड मैदान में अपराहन 3:30 बजे मुख्यमंत्री की पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। इस दौरान कैबिनेट मंत्रियों के भी शपथ लेने की संभावना है। श्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के 12वें सीएम के रूप में प्रदेश की बागडोर संभालेंगे।
भुवनचंद्र खंडूड़ी के बाद पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के दूसरे मुख्यमंत्री हैं, जिन्हें दोबारा मुख्यमंत्री बनने का गौरव प्राप्त होने जा रहा है। बुधवार 23 मार्च को परेड ग्राउंड में नई सरकार का शपथ ग्रहण कार्यक्रम होने जा रहा है। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल रहेंगे।
पंचम विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के 47 विधायक जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। यह चुनाव पुष्कर धामी के चेहरे पर लड़ा गया, जिसमें पार्टी को शानदार जीत मिली। यही कारण रहा है कि स्वयं अपनी सीट से चुनाव हारने के बावजूद पुष्कर धामी के हाथों में पार्टी हाईकमान ने एक बार फिर से उत्तराखंड की बागडोर सौंपी है।
विधानमंडल दल की बैठक में सर्वसम्मति से धामी का नाम सीएम के लिए फाइनल होने के बाद पुष्कर धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व अन्य नेता राजभवन पहुंचे, जहां उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
जिस प्रकार से भाजपा ने चुनाव में शानदान जीत हासिल की, उसी तरह से शपथ ग्रहण कार्यक्रम को भव्य और दिव्य बनाया जा रहा है। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं।
नई सरकार के शपथ ग्रहण कार्यक्रम की चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के लिए डीएम डा. आर राजेश कुमार व डीआईजी/एसएसपी जन्मेजय खंडूड़ी ने भी समारोह स्थल परेड ग्राउंड का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। वहीं ऊंची बिल्डिंग से निगरानी रखने के लिए पुलिस बल अलर्ट कर दिए गए हैं।