उत्तरकाशी पुलिस ने 148 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब पकडी। – Swastik Mail

उत्तरकाशी पुलिस ने 148 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब पकडी।

उत्तरकाशी पुलिस ने 148 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब पकडी।

 (2 अभियुक्तों को गिरफ्तार, S.P उत्तरकाशी ने टीम को दिया ₹ 10,000 का नगद इनाम) 

उत्तराखंड (उत्तरकाशी) मंगलवार, 11 जनवरी 2022 

विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 के दृष्टिगत प्रदेश भर मे आदर्श आचार संहिता लागू है, चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्री पी0के0 राय द्वारा जनपद उत्तरकाशी में चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों व मादक पदार्थों की अवैध तस्करी की रोकथाम हेतु सभी क्षेत्राधिकारी/कोतवाली/थाना/चौकी प्रभारी/ एस0ओ0जी0 तथा ए0डी0टी0एफ0 को लगातार सक्रिय रह कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये हुये हैं।

प्रभारी एसओजी,श्री अजय सिंह व उ0नि0 रोहित कुमार के नेतृत्व में एस0ओ0जी0 एवं धरासू पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चैकिंग के दौरान स्थान देवीसौड़ आर्कब्रिज के पास यात्री स्टैण्ड पर करीब साढ़े तीन बजे दो व्यक्तियों यतेन्द्र व यशपाल सिंह को वाहन संख्या- UK 09CA-0778 से 148 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन करते हुये गिरफ्तार किया गया। वाहन को पुलिस द्वारा मौके पर ही सीज कर दिया गया।

गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर उक्त व्यक्तियों के विरुद्ध थाना धरासू पर आबकारी अधिनियम की धारा 60/72, 188 भादवि व आपदा प्रबन्धन अधिनियम की धारा 51(B) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी द्वारा बताया गया कि निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण चुनाव सम्पन्न करवाने हेतु उत्तरकाशी पुलिस कटिबद्ध है, हमारी पुलिस टीमें चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों तथा मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम हेतु लगातार सक्रिय है, अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा। उक्त पुलिस टीम की सराहना करते हुये उनके द्वारा उत्साहवर्धन हेतु टीम को ₹10,000 का नगद ईनाम प्रदान किया गया।