उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी ने उप शिक्षा अधिकारी विकासखण्ड रायपुर को दिया पत्र। – Swastik Mail

उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी ने उप शिक्षा अधिकारी विकासखण्ड रायपुर को दिया पत्र।

Spread the love

उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी ने उप शिक्षा अधिकारी विकासखण्ड रायपुर को दिया पत्र।

(जनसंख्या गणना शिक्षकों की अत्यधिक ड्यूटी लगाये जाने के सम्बन्ध में)

उत्तराखंड (देहरादून) शनिवार, 28 नवम्बर 2026

उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी ने जनसंख्या गणना शिक्षकों की अत्यधिक ड्यूटी लगाये जाने के सम्बन्ध में) उप शिक्षा अधिकारी विकासखण्ड रायपुर को दिया पत्र।

सेवा में,

उप शिक्षा अधिकारी विकासखण्ड रायपुर, जनपद देहरादून।

भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) में शिक्षकों की अत्यधिक ड्यूटी लगाये जाने के कारण विद्यालयों के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संचालन में उत्पन्न होने वाली गम्भीर समस्या के सम्बन्ध में।

शिक्षकों की अत्यधिक ड्यूटी लगाये जाने के कारण विद्यालयों के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संचालन में उत्पन्न होने वाली गम्भीर समस्या के सम्बन्ध में।

महोदय,

उक्त विषयक आपके संज्ञानार्थ है कि भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना का कार्य दिनांक 01 दिसम्बर 2026 से 09 जनवरी 2027 तक संचालित होना है। इस कार्य हेतु विकासखण्ड रायपुर के अधिकांश विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में शिक्षकों का योगदान सराहनीय एवं आवश्यक है, परंतु इस कार्य हेतु शिक्षकों की ड्यूटी निर्धारित करते समय विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था के सुचारु संचालन का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया है। वर्तमान में स्थिति अत्यंत चिंताजनक है, जिसके प्रमुख बिंदु निम्नवत् हैं –

1- विकासखण्ड के कुछ विद्यालयों से शत-प्रतिशत शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगा दी गई है, जिसके परिणामस्वरूप दिनांक 01 दिसम्बर 2026 से उन विद्यालयों में शिक्षण एवं विद्यालय संचालन के लिये कोई शिक्षक उपलब्ध नहीं रहेगा मोटीधार, चक तलाई, चालंग, खैरी मान सिंह, इत्यादि। राजकीय प्राथमिक विद्यालय बडासी,

2- कुछ विद्यालयों में मात्र एक शिक्षक को छोड़कर शेष सभी शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगा दी गई है, जिससे एक शिक्षक के लिए संपूर्ण विद्यालय का संचालन करना अत्यंत कठिन होगा- राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिमियारी, चलचला, खालौंच, सुवाखोली, सिल्ला, सहारनपुर रोड, गढवाली कॉलोनी, आराघर, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय परेड ग्राउण्ड, देहरा 75 राजपुर रोड, बडेरना, इत्यादि।

3- विकासखंड के अधिकांश विद्यालयों में 50 प्रतिशत से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाई गई है। ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई, कक्षा संचालन, मध्याह्न भोजन व्यवस्था, विभागीय अभिलेखों का संधारण एवं अन्य आवश्यक गतिविधियां गंभीर रूप से प्रभावित होंगी।

4- शिक्षकों की इतनी बड़ी संख्या में अनुपलब्धता के कारण विद्यालयों में पठन-पाठन की निरंतरता बाधित होगी, जिसका प्रतिकूल प्रभाव सीधा विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर एवं निर्धारित अधिगम लक्ष्यों की प्राप्ति पर पड़ेगा।

5- विशेष रूप से प्राथमिक स्तर पर छोटे बच्चों की देखभाल, सुरक्षा एवं नियमित शैक्षणिक

गतिविधियों का संचालन अत्यंत आवश्यक है। ऐसी स्थिति में एक शिक्षक अथवा बिना शिक्षक के विद्यालय का संचालन व्यावहारिक रूप से सम्भव नहीं है।

उत्तराखण्ड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ आपसे पुरजोर अनुरोध करता है कि जनहित एवं छात्रहित को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित बिंदुओं पर अपने स्तर से आवश्यक कार्यवाही करने का कष्ट कीजियेगा

1- जिन विद्यालयों से सभी शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाई गई है, उन विद्यालयों से ड्यूटी निरस्त कर अथवा उनमें पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए संशोधित ड्यूटी आदेश जारी किये जायें।

2- किसी भी विद्यालय में कम से कम 50 प्रतिशत शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये, ताकि विद्यालय का नियमित संचालन एवं शिक्षण कार्य सुचारु रूप से चलता रहे।

3- जिन विद्यालयों में शिक्षकों की संख्या कम है, वहां जनगणना ड्यूटी के लिए अन्य उपयुक्त विभागों के कार्मिकों की सेवायें ली जायें।

4- शिक्षकों की ड्यूटी निर्धारित करते समय विद्यालयों में छात्र संख्या, कार्यरत शिक्षक संख्या तथा विद्यालय की भौगोलिक एवं व्यावहारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाये।

5- जनगणना कार्य एवं विद्यालय संचालन के मध्य संतुलन स्थापित करते हुए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, जिससे राष्ट्रीय दायित्व के निर्वहन के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित न हो।

महोदय, संघ जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व के प्रति पूर्णतः सहयोगात्मक दृष्टिकोण रखता है, किंतु इसके साथ ही प्राथमिक शिक्षा एवं नौनिहालों के भविष्य की जिम्मेदारी भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित किये बिना इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी लगाया जाना विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है।

अतः आपसे अपेक्षा है कि इस गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए जनगणना ड्यूटी के आदेशों में आवश्यक संशोधन करवाने हेतु संबंधित उच्चाधिकारियों को प्रभावी संस्तुति एवं आवश्यक कार्यवाही करने का कष्ट करेंगे, ताकि विकासखंड रायपुर के विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

भवदीय

अरविन्द सिंह सोलंकी अध्यक्ष