नगर पंचायत दफ्तर में कांग्रेस विधायक पुत्र पर हंगामा और धमकाने का आरोप।
नगर पंचायत दफ्तर में कांग्रेस विधायक पुत्र पर हंगामा और धमकाने का आरोप।
(सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप)
उत्तराखंड (रुड़की) मंगलवार, 04 अगस्त 2026
हरिद्वार जिले के रामपुर नगर पंचायत कार्यालय में सरकारी कामकाज के दौरान हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। पिरान कलियर से कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद के बेटे सलमान पर दफ्तर में कर्मचारियों से अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगा है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रोहित पंवार ने इस संबंध में कोतवाली गंगनहर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
EO रोहित पंवार के अनुसार यह पूरा वाकया तीन अगस्त सोमवार दोपहर का है। तहरीर में कहा गया है कि सलमान कार्यालय पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की गई, उन्हें धमकाया गया और जरूरी सरकारी काम रोके गए। शिकायत में यह भी जिक्र है कि आरोपी के व्यवहार से नगर पंचायत का दैनिक काम प्रभावित हुआ।
इस घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज और एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें कार्यालय के अंदर बहस और हंगामे की स्थिति साफ दिख रही है। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। अभी तक इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और सीसीटीवी की जांच के बाद ही अगला कदम उठाया जाएगा।