नशामुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विकासखण्ड स्तर पर खण्ड स्तरीय समिति गठित। - Swastik Mail
Breaking News

नशामुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विकासखण्ड स्तर पर खण्ड स्तरीय समिति गठित।

 नशामुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विकासखण्ड स्तर पर खण्ड स्तरीय समिति गठित।
Spread the love

नशामुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विकासखण्ड स्तर पर खण्ड स्तरीय समिति गठित।

(नशे के दुष्प्रभावों से समाज को मुक्त करने हेतु)

उत्तराखंड (देहरादून) बुधवार, 16 सितम्बर 2026

नशे के दुष्प्रभावों से समाज को मुक्त करने तथा राष्ट्रीय कार्ययोजना (NAPDDR) एवं नशामुक्त भारत अभियान (NMBA) को जनपद में प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से विकासखण्ड स्तर पर खण्ड स्तरीय समिति का गठन किया गया है। यह समिति नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन, आपसी समन्वय एवं निगरानी का कार्य करेगी।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह द्वारा जारी आदेश के अनुसार विकासखण्ड स्तर पर गठित समिति में खण्ड विकास अधिकारी को अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में ग्राम पंचायत अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा नामित शिक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी/जिला परिवीक्षा अधिकारी द्वारा नामित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा नामित आशा कार्यकर्ता को सदस्य बनाया गया है। सहायक समाज कल्याण अधिकारी को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

समिति करेगी व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता एवं समन्वय का कार्य

नशामुक्त भारत अभियान के तहत गठित समिति के माध्यम से विकासखण्ड स्तर पर नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता, युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने, समुदाय की सहभागिता बढ़ाने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अभियान का उद्देश्य समाज में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के साथ-साथ लोगों को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इसमें विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य सेवाओं तथा स्थानीय समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

बहु-विभागीय सहभागिता से मजबूत होगा नशामुक्ति अभियान

समिति में विकास, पंचायत, शिक्षा, बाल विकास, स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग से जुड़े कार्मिकों को शामिल किए जाने से नशामुक्त भारत अभियान को बहु-विभागीय स्वरूप मिलेगा। इससे नशे की रोकथाम से संबंधित जागरूकता गतिविधियों को गांव एवं विकासखण्ड स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा अभियान की नियमित निगरानी में मदद मिलेगी।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि समिति में नामित प्रतिनिधियों की आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर गठित समिति से संबंधित आदेश को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के NMBA पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए।

जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा स्वयं नशे से दूर रहते हुए अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।

Related post

error: Content is protected !!