बेकाबू कार ने ठेला लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले को टक्कर मारी।
बेकाबू कार ने ठेला लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले को टक्कर मारी।
(घायल अभिषेक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया)
उत्तराखंड (रामनगर) मंगलवार, 21 अप्रैल 2026
रामनगर रोड पर नयागांव वन विभाग चेक पोस्ट के पास सोमवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक बेकाबू कार ने 18 वर्षीय ठेला लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले अभिषेक सिंह को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि गंभीर रूप से घायल अभिषेक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
ऊधमसिंह नगर जिले के बरहैनी (जबरान) निवासी पंजा सिंह का बेटा अभिषेक सिंह रोज की तरह नयागांव चेक पोस्ट के पास बेल के जूस का ठेला लगाए खड़ा था। दोपहर करीब पौने दो बजे वह ग्राहक का इंतजार कर रहा था, तभी कालाढूंगी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक स्विफ्ट कार ने दूसरी कार को ओवरटेक करने की कोशिश में नियंत्रण खो दिया और सीधे ठेले में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ठेला पूरी तरह बिखर गया और कार पेड़ से जा टकराई।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल अभिषेक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कार को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में गम का माहौल है।