Breaking News

पुष्कर सिंह धामी राज्य के 11वें मुख्यमंत्री  चुने गए। 

 पुष्कर सिंह धामी राज्य के 11वें मुख्यमंत्री  चुने गए। 
Spread the love

पुष्कर सिंह धामी राज्य के 11वें मुख्यमंत्री  चुने गए। 

(खटीमा विधानसभा से विधायक हैं पुष्कर सिंह धामी) 

उत्तराखंड (देहरादून)     शनिवार 3 जुलाई 2021

उत्तराखंड में तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे के बाद पुष्कर सिंह धामी राज्य के 11वें मुख्यमंत्री होंगे और आज शाम करीब 6 बजे पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। उनके नाम पर शनिवार दोपहर को भाजपा विधायक दल की बैठक में मुहर लगा दी गई। बैठक 3 बजे से केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र तोमर और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की मौजूदगी में हुई। केंद्रीय पर्यवेक्षक ने मीडिया को बताया कि बैठक में किसी दूसरे नाम की चर्चा नहीं हुई। सिर्फ पुष्कर सिंह धामी का नाम रखा गया और सबकी सहमति से इस पर मुहर लगा दी गई।

भाजपा ने तमाम अनुभवी विधायकों को दरकिनार करते हुए युवा चेहरे को तवज्जो दी है।आज ही राजभवन सीएम की शपथ लेंगे। नाम की घोषणा होने के बाद पुष्कर सिंह धामी ने कहा, ‘पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता, एक भूतपूर्व सैनिक के बेटे को राज्य की सेवा के लिए चुना है। हम लोगों की भलाई के लिए मिलकर काम करेंगे। हम कम समय में लोगों की सेवा करने की चुनौती स्वीकार करते हैं।

पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड में खटीमा विधानसभा से विधायक हैं। पुष्कर सिंह धामी का जन्म 16 सितंबर 1975 को पिथौरागढ के टुण्डी गांव में हुआ था। उनके पिता सैनिक थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बीच सरकारी स्कूलों से प्राथमिक शिक्षा ली। तीन बहनों के बाद घर का अकेला बेटा होने की वजह से परिवार की जिम्मेदारियां उन पर हमेशा बनी रही।

धामी ने मानव संसाधन प्रबंधन और औद्योगिक संबंध में मास्टर्स किया है। वे 1990 से 1999 तक ABVP में अलग-अलग पदों पर काम कर चुके हैं। धामी 2002 से 2008 तक युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष भी रहे हैं। राज्य की भाजपा 2010 से 2012 तक शहरी विकास परिषद के उपाध्यक्ष रहे। वे 2012 में पहली बार विधायक चुने गए थे। उनकी अगुवाई में ही प्रदेश सरकार से स्थानीय युवाओं को 70% आरक्षण राज्य के उद्योगों में दिलाने में सफलता प्राप्त की।

राजपूत समुदाय से आने वाले धामी राज्य के तेज तर्रार नेताओं में शुमार हैं। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुष्कर सिंह धामी को सीएम बनाकर जातीय समीकरण भी साधने की कोशिश की गई है। तीरथ सिंह रावत के मुख्यमंत्री बनने के वक्त भी पुष्कर सिंह धामी का नाम रेस में शामिल रहा था। पुष्कर सिंह धामी राज्य के और मुख्यमंत्रियों के मुकाबले युवा हैं। धामी का युवा होना भी उनके मुख्यमंत्री चुने जाने के पक्ष में गया है।

Related post

error: Content is protected !!