तय समय में सड़कें गड्ढामुक्त न होने पर गढ़वाल आयुक्त सख्त। - Swastik Mail
Breaking News

तय समय में सड़कें गड्ढामुक्त न होने पर गढ़वाल आयुक्त सख्त।

 तय समय में सड़कें गड्ढामुक्त न होने पर गढ़वाल आयुक्त सख्त।
Spread the love

तय समय में सड़कें गड्ढामुक्त न होने पर गढ़वाल आयुक्त सख्त।

(निर्माणदायी संस्थाओं को एक दिन का अल्टीमेटम)

उत्तराखंड (देहरादून) वीरवार , 15 अक्टूबर 2026

गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने निर्धारित समयसीमा तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का कार्य शत-प्रतिशत पूरा न होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। गुरुवार को कैंप कार्यालय में सड़क निर्माणदायी संस्थाओं के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए शेष कार्य 16 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों को गड्ढामुक्त करने के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में सड़क निर्माणदायी संस्थाओं ने अवगत कराया कि विगत दिनों हुई भारी बारिश के कारण सड़कों की मरम्मत एवं डामरीकरण के लिए आवश्यक तापमान अनुकूल नहीं मिल पाने से कार्य प्रभावित हुआ। इसके बावजूद जनपद में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष सड़कों पर मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जिसे 16 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

गढ़वाल आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सड़कों की मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति के कार्यों में तेजी लाई जाए। सभी निर्माणदायी संस्थाएं अपने अधीनस्थ सड़कों की स्थिति की स्वयं निगरानी करें तथा कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

बैठक में डीजीएम सरिता बुदियाल, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता दयानंद, अधीक्षण अभियंता एमपीएस रावत, पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता एमके मित्तल, अधिशासी अभियंता रोहित श्रीवास्तव, ब्रिडकुल के परियोजना प्रबंधक मनजीत देशवाल, राष्ट्रीय राजमार्ग के नोडल अधिकारी सुरेश तोमर, आरडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता विनीत कुरेल, बीआरओ के सहायक अधिशासी अभियंता योगम्बर सिंह रावत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related post

error: Content is protected !!